झींझक। चक्केपुरवा गांव में मंगलवार को एक मजदूर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उपचार के लिए अकबरपुर ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलपुर थाना क्षेत्र के चक्केपुरवा गांव निवासी प्रतापभान (36) पुत्र बैजनाथ मजदूरी करते थे। पत्नी सरिता ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर पर ही थे। खाना खाने के बाद उन्हें उल्टी होने लगी। परिजनों ने परेशानी पूछी तो उन्होंने पेट में दर्द और सर्दी लगने की बात बताई। इसके बाद वह सामान्य रूप से अपने काम में लग गए। शाम करीब चार बजे उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजन उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने अकबरपुर ले जाने की सलाह दी। परिजन उन्हें अकबरपुर मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। अनहोनी पर परिजन रोते बिलखते रहे। मंगलपुर थानाध्यक्ष निरीक्षक प्रवीण यादव ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा। (संवाद)