लॉक डाउन के लिए कर्ज से परेशान युवक ने दी जान - कल्याणपुर के आवास विकास-तीन अंबेडकरपुरम की घटना माई सिटी रिपोर्टर कानपुर। लॉक डाउन में लिए कर्ज से परेशान आवास विकास-तीन अंबेडकरपुरम निवासी फैक्ट्रीकर्मी प्रदीप कुमार वर्मा 30 ने गुरुवार देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। उनका शव मकान प्रथम तल पर रखे लकड़ी के सीढ़ी पर दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। वह दादानगर स्थित एक होजरी के फैक्ट्री में काम करते थे। बड़े भाई अमरदीप ने बताया कि प्रदीप चार भाईयों में दूसरे नंबर पर थे। लॉक डाउन में घर की आर्थिक स्थिति खराब होने पर उन्होंने मार्केट से काफी कर्ज ले लिया था। जो अब 70 हजार रुपये हो गए थे। इसके चलते वह काफी डिप्रेशन में रहने लगे थे। गुरुवार रात वह खाना खाने के बाद छोटे भाई संदीप संग कमरे में सोने चले गए थे। मां मीरा देवी शुक्रवार सुबह जगाने पहुंची तो प्रदीप कमरे में नही मिले। इसके बाद छोटे भाई ने उनकी खोजबीन शुरूकी तो शव छत पर दीवाल के सहारे खड़े लकड़ी की सीढ़ी में दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। थानाप्रभारी अजय सेठ ने बताया कि परिजन डिप्रेशन के चलते सुसाइड की कहे हैं। परिजन अगर किसी के खिलाफ तहरीर देते हैं तो जांच के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। प्रदीप की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।