कानपुर में बुधवार को तड़के चार बजे से रात तक रुक-रुककर हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। तापमान में लगभग नौ डिग्री की गिरावट के साथ उमस से भी राहत मिल गई। कुल 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 27 डिग्री पर आ गया, जो एक दिन पहले 35.8 डिग्री था। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार बारिश का यह सिलसिला अगले 72 घंटे तक जारी रह सकता है।
डॉ. पांडेय ने बताया कि बिपरजॉय चक्रवात की वजह से प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश हो रही है। इससे दिन में हवा में नमी में 87 प्रतिशत पर पहुंच गई, जबकि रात में एक दिन पहले की तरह 95 प्रतिशत पर बनी रही। बारिश के साथ धूप नहीं निकलने और 10 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने से उमस नहीं हो पाई। बरसात की वजह से तापमान सामान्य से 10.2 डिग्री कम रहा।