ट्रेनों की रफ्तार धीमी होते ही यात्रियों के मोबाइल और सामान पर झपट्टा मारने वाले तीन आरोपियों बाबूपुरवा की सफेद कॉलोनी निवासी शादाब खान उर्फ साहिल, अरबाज और मोहम्मद आसिफ उर्फ ब्रावो को जीआरपी ने रविवार को गिरफ्तार किया। जीआरपी के अनुसार आरोपी आउटर पर छिपकर ट्रेन के धीमे होने पर खिड़की या दरवाजे के पास बैठे यात्रियों का झपट्टा मारकर मोबाइल लूट लेते थे। उनके कब्जे से तीन मोबाइल बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये बताई गई। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह ने बताया तीनों को रविवार तड़के करीब तीन बजे हैरिसगंज पुल के पार टाटमिल जाने वाले कच्चे रास्ते पर पकड़ा गया। तीनों की उम्र करीब 20 से 21 वर्ष है। तीनों मोबाइल जीआरपी कानपुर सेंट्रल में दर्ज अलग-अलग मुकदमों से संबंधित हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शादाब और अरबाज के खिलाफ ग्वालटोली थाने में भी मुकदमा दर्ज है।