बिठूर के चिरान नई बस्ती में रविवार देर रात चोर घर में बनी दुकान का शटर खोलकर करीब एक लाख रुपये के बकरे-बकरियां और मेमने चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज में चोर सफेद स्विफ्ट डिजायर से आते दिखाई दिए हैं। चिरान नई बस्ती निवासी किसान सुरेश निषाद ने बताया कि उन्होंने घर में बनी दुकान के अंदर छह बकरे, नौ बकरियां और तीन मेमने शटर बंद करके रखे थे। रविवार को वह पत्नी और बेटी के साथ कानपुर स्थित अपनी ससुराल गए थे। रात करीब 12 बजे लौटे तो चोरी का पता चला। बिठूर थाना प्रभारी के अनुसार फुटेज के आधार पर कार की तलाश की जा रही है। वहीं, बिठूर के नारामऊ में चोरों ने रविवार रात लोहे के मिकी माउस झूले बनाने वाले कारखाने के बाहर खड़े जनरेटर का अल्टीनेटर चुरा लिया। कारखाना नारामऊ निवासी मोहनपाल का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।