नेपाल से तस्करी कर दस किलो चरस लेकर कानपुर देहात जा रहे दो तस्करों को अर्मापुर नहर के पास से स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास चरस के अलावा दो मोबाइल फोन, मतदाता पहचान पत्र, दो हजार रुपये के नेपाली नोट, भारतीय करेंसी के 35 सौ रुपये बरामद हुए है। अंतराष्ट्रीय बाजार में बरामद चरस की कीमत 50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों में एक नेपाल और दूसरा कानपुर नगर का रहने वाला है। कानपुर का रहने वाला तस्कर नई सड़क दंगे का आरोपी है। एसटीएफ के एएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि काफी समय से शहर से मादक पदार्थों की तस्करी की शबर मिल रही थी।
उन्होंने दरोगा राहुल परमार तस्करों को गिरफ्तार करने के टॉस्क सौंपा था। दरोगा राहुल टीम के साथ तस्करों की तलाश में लगे थे। मंगलवार को टीम ने सटीक सूचना पर अर्मापुर नहर पुल के पास से दो लोगों को पकड़ लिया। टीम ने उनके बैग की तलाशी ली तो उसमें दस किलो सौ ग्राम चरस बरामद हुई। एसटीएफ ने थाने लाकर दोनों से पूछताछ की। पकड़े गए तस्करों ने अपना नाम नेपाल के वीरगंज जिले के पोखरिया थानाक्षेत्र के बहुअरवा भट्ठा गांव निवासी नंद किशोर सासूनार और बेकनगंज के गोरा कब्रिस्तान नाजिर बाग निवासी मोहम्मद आदिल बताया।
तस्तर आदिल ने एसटीएफ को बताया कि वह तीन जून 2022 को कानपुर के नई सड़क पर हुए दंगे का आरोपी है। इस मामले में वह जेल गया था। जेल में उसकी मुलाकात रोशन पटेल उर्फ लाड़ले बिहारी से हुई थी। लाड़ले को 25 अप्रैल 2022 को 85 किलो चरस व पिकप के साथ पकड़ा था। रोशन ने चरस की तस्करी के बारे में उसे जानकारी दी थी। नवंबर 2023 में जेल से रिहा होकर आया. तो रोशन ने उसे नेपाल से चरस तस्कर का मोबाइल नंबर दिया।
इसके जरिए वह नेपाल के तस्करों से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर आन लाइन पेमेंट करके अपने कैरियर के जरिये मालमंगवाता था। इसके बाद वह कानपुर नगर, देहात और आसपास के दूसरे जिलों में भी चरस की सप्लाई करता था। मंगलवार को नेपाल से चरस की खेप मंगवाई थी, जो नंद किशोर लेकर आया था। वह और नंद किशोर कानपुर देहात में चरस की सप्लाई करने जा रहे थे। उसी दौरान एसटीएफ ने उन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अर्मापुर थाना प्रभारी ने बताया चरस तस्करों को देर शाम कोर्ट में पेश किया गया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अवैध मादक पदार्थो की तस्करी करने वाले गिरोह के 02 सदस्य 10.100 किग्रा चरस के साथ कानपुर से गिरफ्तार।