बिठूर के नारामऊ में शुक्रवार शाम हाईवे किनारे खड़े डंपर में पीछे से स्कूली बस घुस गई। हादसे में बस चालक बबलू सिंह बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के वक्त बस में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था। परगही बांगर निवासी बबलू शुक्रवार शाम सात बजे बस की सर्विस कराने के बाद घर लौट रहे थे। नारामऊ में सड़क किनारे खड़े डंपर में उनकी बस पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बबलू के दोनों पैर सीट के पास फंस गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। बस को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।