गुजैनी में डायरिया से मौत के बाद 41 और बीमार मिले
गुजैनी में डायरिया से मौत के बाद बीमारियों का सिलसिला थमा नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रविवार को घरों में जाकर सर्वे किया। घरों में 41 लोग बीमार मिले हैं। यहां पर कैंप लगाया गया जिसमें 221 रोगियों ने दवा ली। इनमें 15 रोगी डायरिया और 23 रोगी बुखार से ग्रसित थे। गुजैनी न्यू पीएचसी की प्रभारी डॉ. मीनाक्षी सचान ने रोगियों की जांच की।
इसके साथ ही क्षेत्र में फॉगिंग कराई जा रही है। जो लोग बीमार मिले, उनके घरों से पीने के पानी का सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है। डायरिया प्रभावित क्षेत्र का सीएमओ डॉ. आलोक रंजन, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुबोध प्रकाश और एसीएमओ डॉ. आरएन सिंह ने दौरा किया। चार रोगियों को अंतरा सिंह (1), राघव पाठक (10), दुर्गेश (12) और प्रिया (9) को बालरोग अस्पताल भेजा गया। चार सौ घरों में ओआरएस के पैकेट बांटे गए। सीएमओ ने लोगों से अपील की कि घरों के आसपास जलभराव न रहने दें।