कानपुर में तंगी से परेशान हो सुसाइड की धमकी देने वाले मिमिक्री कलाकार अर्पित सैनी को इंस्पेक्टर ने मदद का आश्वासन दिया है। दरअसल नौबस्ता निवासी अर्पित सैनी ने मंगलवार को फेसबुक पर लिखा था कि रात 12 बजे मेरी मौत का लाइव वीडियो देखें।
कुछ ही देर में पोस्ट वायरल हो गई और पुलिस के पास पहुंच गई। इंस्पेक्टर अमित भड़ाना ठीक 12 बजे अर्पित के घर पहुंच गए। इंस्पेक्टर को देख अर्पित गले लगकर रोने लगा। अर्पित ने बताया कि उसको कुछ समझ नहीं आ रहा था। इससे उसके दिमाग में आत्महत्या का विचार आया।
इंस्पेक्टर ने उसकी काउंसलिंग की। अर्पित ने बताया कि अब वह हार नहीं मानेंगे और संघर्ष करेंगे। जो उनके भीतर काबिलियत है उसके जरिये नाम कमाएंगे। सोशल मीडिया पर पुलिस की सक्रियता की हर किसी ने सराहना की।