गुरुग्राम से कानपुर आ रही टूरिस्ट बस में सफर के दौरान मल्टीनेशनल कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर का ट्राॅली बैग चोरी हो गया। बैग में रखे 65 हजार रुपये, दो तोले की सोने की चेन, अंगूठी, पायल, लैपटॉप और कपड़े समेत करीब 2.75 लाख रुपये का सामान था। पुलिस बस को थाने ले गई। मालरोड स्थित कुरसवां निवासी सचिन कुमार तिवारी गुरुग्राम की मल्टीनेशनल कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर हैं। सचिन ने बताया कि त्योहार पर पत्नी शिखा के साथ घर लौट रहे थे। बस में उनका ट्रॉली बैग कंडक्टर ने खुद रखवाया था। शनिवार सुबह फजलगंज चौराहे पर बस से उतरने के बाद सचिन ने कंडक्टर से अपना लगेज मांगा। कंडक्टर ने ट्रॉली बैग न मिलने की बात कही। फजलगंज इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।