कानपुर में साइबर ठगों ने जल्द मुनाफा कमाने का लालच देकर एक कंपनी के कर्मचारी को शेयर ट्रेडिंग का झांसा देकर 26.60 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है। निजी कंपनी में काम करने वाली चकेरी निवासी आशा ने बताया कि इंस्टाग्राम के जरिये उनका संपर्क एक इंस्टीट्यूशनल ट्रेडिंग ग्रुप से हुआ। ग्रुप में कुछ दिन तक गतिविधियां देखने के बाद उन्होंने निवेश के लिए संपर्क किया। साइबर ठगों ने धनिन नाम के फर्जी ट्रेडिंग एप में उन्हें लॉगइन करा दिया। निवेश कराना शुरू कर दिया। पहले 25 हजार रुपये लगाने पर मुनाफे के साथ वापस भी हो गए।
इसके बाद ठगों ने उन्हें कंपनी के आईपीओ (इनिशियल पब्लिक ऑफर) में आवेदन करने के नाम पर थोड़ा-थोड़ा कर करीब 26.60 लाख रुपये लगवा दिए। मुनाफा करीब 90 लाख रुपये दिखने पर उन्होंने रुपये निकालने का प्रयास किया, जो निकला ही नहीं। कथित ट्रेडिंग एजेंट से बात की तो उसने कहा कि 11 लाख रुपये का टैक्स जमा करने पर ही पैसा निकल सकता है। तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ तो साइबर सेल में संपर्क किया। वहां से साइबर क्राइम थाने ने केस दर्ज कर बैंक खातों को फ्रीज कराकर रुपये वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।