कानपुर के चकेरी में आयकर अधिकारी की मां ने बीमारी से ऊबकर शुक्रवार की देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। पति ने शव लटकता देख पुलिस को सूचना दी। कोयलानगर सीओडी कॉलोनी निवासी सेवानिवृत शिक्षक होरीलाल पाल पत्नी प्रभा देवी (65) के साथ रहते है। होरीलाल के दो बेटे योगेश और रोहित हैं। भतीजे अमरेंद्र पाल ने बताया कि योगेश बरेली में आयकर विभाग में इंस्पेक्टर है और रोहित बरेली में एसबीआई में नौकरी करते है।
अमरेंद्र ने बताया कि प्रभा ब्लड प्रेशर, शुगर समेत अन्य बीमारियों से परेशान रहती थीं। शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद होरीलाल ऊपर कमरे में सोने चले गए, जबकि प्रभा नीचे कमरे में लेट गईं और देर रात आंगन में लगे जाल में रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार की सुबह होरीलाल नीचे आए तो प्रभा का शव फंदे पर लटकता देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।