प्रेसिडेंट समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
मामले की जानकारी मिलते ही विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नवाबगंज थाने पर सूचना दी कि असंवैधानिक तरीके से लोगों का धर्मांतरण कराया जा रहा है। नवाबगंज थाना प्रभारी रोहित तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और चर्च के प्रेसिडेंट शोभित सिंह को हिरासत में लिया। वहां मौजूद लोगों ने पूछताछ के दौरान बताया कि उन्हें धर्मांतरण के लिए लालच दिया जा रहा था। नवाबगंज थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि धर्मांतरण का आरोप लगाने वाले लोगों से तहरीर लेकर चर्च के प्रेसिडेंट समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
सरकारी कॉलोनी बना लिया चर्च
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि विष्णुपुरी में यह श्रमिक कॉलोनी है। सरकारी कर्मचारियों को यह कॉलोनियां किराए पर दी गईं थी। इसमें किसी का मालिकाना हक नहीं होता है। इसके बाद भी शोभित ने अवैध तरीके से चर्च का रजिस्ट्रेशन सरकारी कॉलोनी पर करा लिया। अब लोगों का धर्मांतरण करा रहा है। 20 सालों से कॉलोनी में गतिविधियां चल रही थी। आजिज होकर इलाके के लोगों ने विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारी कृष्णा तिवारी समेत अन्य पदाधिकारियों को मामले की सूचना दी थी।
पहले भी आ चुके हैं कई मामले
कानपुर में धर्मांतरण का छठवां मामला सामने आया है। जिसमें पुलिस एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई कर रही है। इससे पहले घाटमपुर, चकेरी, कर्नलगंज, कोहना और रावतपुर में धर्मांतरण का सिंडीकेट पकड़ा गया था। पुलिस ने सभी जगह एफआईआर दर्ज करके आरोपियों पर कार्रवाई की थी। लेकिन, सिंडीकेट के सरगना तक नहीं पहुंच सकी। जबकि धर्मांतरण काे लेकर विदेश से फंडिंग समेत अन्य साक्ष्य भी पुलिस के हाथ लगे हैं।