साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को आईपीओ में पैसा लगाने पर बढ़ी रकम मिलने का झांसा देकर करीब साढ़े नौ लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जूही परमपुरवा निवासी सैय्यद मुजफ्फर अली हाशमी ने बताया कि फेसबुक के माध्यम से एक मैसेज आया। इसमें एक्यूआर स्वास्थ्य ट्रेनिंग कैंप कंपनी से अंजली नाम की युवती ने आईपीओ में पैसा लगाने के लिए कहा।
साथ ही एक एप के जरिये ऑनलाइन आईपीओ में निवेश के लिए कहा। उन्होंने इसके बाद कई बार में साढ़े नौ लाख रुपये जमा कर दिए। निवेश का उन्हें करीब 22 लाख रुपये मुनाफा दिख रहा था। हालांकि जब उन्होंने पैसा निकालने का प्रयास किया तो 10 लाख और जमा करने को कहा गया। पैसा न जमा करने पर ऑनलाइन दिखने वाली रकम भी गायब हो गई। साइबर थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटीएक्ट में रिपोर्ट दर्ज कार्रवाई की जा रही है।