कल्याणपुर ब्लॉक के चिरान गांव की नई बस्ती में जलभराव से लोग परेशान हैं। गांव के रास्ते पर पानी भरने से आवागमन में दिक्कत हो रही है। इस समस्या को लेकर नर्सरी में पढ़ने वाली चार वर्षीय मायरा ने वीडियो के माध्यम से जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर से गुहार लगाई है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मायरा के पिता विपिन सागर ने बताया कि गांव के मुख्य मार्ग पर 15 दिनों से अधिक समय से कई जगह डेढ़ से दो फीट तक पानी भरा है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने बुधवार शाम राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने गुरुवार को जेसीबी से अस्थायी नाला खुदवाकर पानी निकलवाने और जल्द ही सड़क ऊंची कराने का आश्वासन दिया।