कानपुर देहात/रनियां। जिले में अलग-अलग स्थानों पर तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर से महिला व युवक की जान चली गई। रनियां में बुधवार शाम को हाईवे पार कर रही महिला को तेज रफ्तार बुलेट सवार ने टक्कर मार दी।
इससे सड़क पर गिरी महिला को पीछे से आई डीसीएम ने कुचल दिया। वहीं, अकबरपुर में तेज रफ्तार ऑटो ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, वहीं उसका चचेरा भाई घायल हो गया।
रनियां के आंबेडकरनगर निवासी छोटे की पत्नी रेखा (45) धागा फैक्टरी में काम करती थीं। वह फैक्टरी से काम करने के बाद बुधवार शाम को घर आ रही थीं। चिटिकपुर के समीप सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बुलेट सवार ने रेखा को टक्कर मार दी।
इससे वह सड़क पर गिर गई, तभी डीसीएम ने उसे कुचल दिया। गंभीर हालत में पुत्री कंचन मां को एंबुलेंस से लेकर जिला अस्पताल पहुंची। वहां रेखा की मौत हो गई। अनहोनी पर परिजन बिलखने लगे। रनियां थाना प्रभारी अतुल गौतम ने बताया कि बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। फरार डीसीएम व चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
इधर, रसूलाबाद के कमसिया गांव निवासी धर्मेंद्र के पुत्र प्रांशू व चचेरा भाई आदित्य रनियां की एक फैक्टरी में काम करते हैं। बुधवार शाम को वह बाइक से घर लौट रहे थे। अकबरपुर में हाईवे पर राजकीय डिग्री कॉलेज के पास तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ऑटो लेकर चालक फरार हो गया। वहीं, प्रांशू (20) की हादसे में मौत हो गई। आदित्य मामूली रूप से घायल हुआ है। कोतवाल प्रमोद शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।