कानपुर देहात। बिकरू कांड में आरोपी खुशी दुबे के फर्जी आईडी से सिम लेने के मामले में गवाह के नहीं आने से गुरुवार को सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट ने अब 20 अक्तूबर की तारीख दी है।
दो जुलाई 2020 में हुए बिकरू कांड के बाद चौबेपुर पुलिस ने मुठभेड़ में मारे गए अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे को मुख्य मामले में आरोपी बनाया था। साथ ही उसे दूसरे की आईडी से लिए सिम का प्रयोग करने के मामले में भी आरोपी बनाया है।
मामले की सुनवाई किशोर न्याय बोर्ड में चल रही है। मामले में वादी समेत कई गवाहों की गवाही बोर्ड के समक्ष हो चुकी है। बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की गवाहों से जिरह भी की जा चुकी है।
किशोर न्याय बोर्ड ने मामले में अभियोजन के अन्य गवाह को तलब किया था। बचाव पक्ष के अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने बताया कि गुरुवार को गवाह के नहीं आने से सुनवाई नहीं हो सकी है। बोर्ड ने अगली तिथि 20 अक्तूबर तय की है। इस दौरान खुशी मौजूद रही।