किशोरी के परिजनों से वार्ता करते पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर में माती रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को बुखार से पीड़ित किशोरी की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने व गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस ने परिजनों को समझा कर शांत कराया।
अकबरपुर के पतारी गांव निवासी किसान अवधेश की बेटी सुप्रिया (16) को बुखार आने पर परिजनों ने गुरुवार को माती रोड स्थित नोवा ग्रेस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की सुबह सुप्रिया की इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही व गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। मामला बढ़ता देख अस्पताल प्रबंधन ने अकबरपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया। नोवा ग्रेस हॉस्पिटल के संचालक डॉ. एपी मौर्या ने बताया कि सुप्रिया कई बीमारियों से पीड़ित थी। उसकी हालत के बारे में परिजनों को पहले ही बता दिया गया था। परिजनों के आरोप निराधार हैं।