रसूलाबाद। जगम्मनपुर धीर गांव में मवेशियों से फसल की रखवाली करने खेत गए एक किसान की हालत अचानक बिगड़ गई। रात भर वह खेत में ही पड़े रहे। सुबह घर नहीं आने पर परिजन खेत पहुंचे तो उन्हें अचेत पड़े देखा। इस पर सीएचसी पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
जगम्मनपुर धीर गांव निवासी भारत के पुत्र श्रीकृष्ण (45) के परिवार में पत्नी नन्हकी, बेटा नीरज, अंकित, हिमांशु व बेटी सरोजनी, रूबी और छोटी है। छुट्टा जानवरों से फसल को बचाने के लिए श्रीकृष्ण शनिवार की रात खेत पर गए थे।
वहीं पर रात में अचानक अचेत होकर गिर गए। रविवार की सुबह घर नहीं पहुंचने पर परिजन खेत पर गए तो वहां श्रीकृष्ण अचेत अवस्था में पड़े मिले। इस पर परिजन आनन फानन में उन्हें सीएचसी ले गए। वहां डॉ. सौरभ शाक्य ने मृत घोषित कर दिया।
चचेरे भाई रामसुख ने बताया कि श्रीकृष्ण मानसिक रूप से भी बीमार थे। उनका अंतिम संस्कार आंकिन घाट में किया गया है। डॉ. सौरभ शाक्य ने बताया कि परिवार के लोगों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। इस वजह से मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। कोतवाल जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि शायद हार्ट अटैक से मौत हुई है।