मंगलपुर थाने के अन्दर हंगामा करते परिजन व ग्रामीण। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
झींझक। मंगलपुर के भूठा गांव के पास पांच दिन पहले घायलावस्था में मिले युवक की मौत के बाद शुक्रवार देर शाम परिजन व ग्रामीण शव लेकर मंगलपुर थाने पहुंचे। यहां युवक की पिटाई से मौत होने का आरोप लगा हंगामा किया। जानकारी पर पुलिस अफसरों ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।
भूठा गांव के पास 31 अक्तूबर को गणेशगंज गांव का अभिषेक (23) घायलावस्था में मिला था। पुलिस ने अभिषेक के हादसे में घायल होने की बात कही थी। गुरुवार देर रात घायल अभिषेक की कानपुर नगर के एक अस्पताल में मौत हो गई।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर कानपुर से मंगलपुर थाने पहुंच गए। वहां शव रखकर गांव के लोगों को भी बुला लिया। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने कुछ लोगों की ओर से की गई पिटाई से अभिषेक की मौत होने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पाकर क्षेत्र में गश्त कर रहे थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह थाने पहुंचे। उन्होंने लोगों को मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर वहां से चले गए।
भाई कमल सिंह का कहना है कि अभिषेक की मौत हादसे में नहीं हुई है। उसे शक है कि कुछ लोगों की पिटाई से अभिषेक की जान गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि कमल सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच की जा रही है।