शिवली। पर्वतपुरवा में खेत जा रहे वृद्ध किसान की एक वाहन से जोरदार टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। छोटे बेटे ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बाघपुर पुलिस चौकी के गांव पर्वतपुरवा निवासी शिवराम (64) खेती बाड़ी करते थे। वह रविवार शाम बाघपुर मेन रोड को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग से पैदल खेत पर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से जख्मी होकर वह मौके पर ही गिर गए और कुछ देर में उनकी मौत हो गई। राहगीरों ने वृद्ध को सड़क पर लहूलुहान पड़े देखा तो परिजनों को खबर दी। जानकारी पाकर बेटा कमलेश, छोटे व ओमप्रकाश पहुंचे और बिलखने लगे। पति की मौत पर पत्नी गोविंदी भी रोने लगीं। ओमप्रकाश ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। चौकी इंचार्ज बिंदा प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। कुछ ग्रामीणों ने बाइक सवारों को तेज रफ्तार से निकलने की जानकारी दी है। छानबीन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।