रसूलाबाद। बंदरहा गांव में बुधवार सुबह आशीष (24) का शव खेत में नीम के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। पोस्टमार्टम में हैंगिंग (फांसी) से मौत होना बताया गया। पिता ने भी फांसी लगाने की आशंका जताई है। बंदरहा निवासी रामबाबू शर्मा का छोटा पुत्र आशीष नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता था। वह 20 मार्च को घर आया था। मंगलवार शाम वह घर से निकला था। बुधवार सुबह उसका शव बटाई पर लिए मक्का के खेत में मिला। पिता रामबाबू शर्मा, मां राम कुमारी, बड़ा भाई अजीत व बहनें सीमा व रीना रोने बिलखने लगीं। सीओ राम शरण व प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडेय मौके पर पहुंचे। कुछ देर में एएसपी अनूप कुमार भी पहुंचे। खेत की मेड़ पर लगे नीम के पेड़ पर लोहे का तार लटकता मिला। मृतकके पिता रामबाबू के बयान बदलने से पुलिस परेशान हुई। पहले उसने बताया कि शव जमीन पर पड़ा था। बाद में तार पर लटके होने व फिर किसी ने लटका कर मारने की बात कही। पुलिस को मृतक के कपड़ों से मोबाइल व पर्स नहीं मिला।