कानपुर देहात। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने रक्षा बंधन पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान शुरू किया है। सोमवार को टीम ने पांच स्थानों पर छापा मारकर 11 नमूने भरे। मिलावट की आशंका में बीस किलो खोया नष्ट कराया। सोयाबड़ी, रिफाइंड व मिल्क पाउडर सीज किया गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित ने बताया कि अभियान के तहत सिकंदरा में कुंज बिहारी की खोया भट्ठी से खोया, मिल्क पाउडर व रिफाइंड ऑयल का नमूना भरा गया। यहां से बीस किलो खोया नष्ट कराया गया। छह टीन रिफाइंड व दस बोरी मिल्क पाउडर सीज किया गया।
भोगनीपुर में विवेक की खोया भट्ठी से खोया और बिरहाना चौराहा सिकंदरा में राजकिशोर की दुकान से मिल्क केक का नमूना भरा गया। पटेल चौक, सिकंदरा में शिवाराय की दुकान से बर्फी व पेड़ा का नमूना लिया गया।
पुखरायां में प्रवीन की ट्रेडिंग दुकान से सोयाबड़ी, मैक्रोनी, पास्ता व पनीर का नमूना भरा गया। तीस बोरी सोयाबड़ी सीज की गई है। करीब 1. 65 लाख रुपये के खाद्य पदार्थ सीज किए गए। परीक्षण रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई होगी।