कानपुर देहात/पुखरायां। जिले में डेंगू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को डेंगू संदिग्ध अमरौधा के अमिलिया गांव निवासी एक महिला की अकबरपुर के निजी चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई।
वहीं, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर से आई एलाइजा रिपोर्ट में गजनेर और जुग्गूपुरवा में चार लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। उधर, संयुक्त जिला अस्पताल में बनाया गया डेंगू वार्ड भी दोबारा मरीजों से फुल हो गया है।
जिले में दस्तक और संचारी रोग नियंत्रण अभियान का ठीक तरीके से क्रियान्वयन नहीं होने से मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में गंदगी के ढेर लगे हैं। इनमें पनप रहे मच्छर बीमारी बांट रहे हैं। इससे डेंगू, मलेरिया और वायरल फीवर के मामले बढ़ रहे।
अमरौधा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अनूप सचान ने बताया कि सोमवार को अमिलिया गांव निवासी बुखार पीड़ित शशि (25) इलाज कराने आई थी। किट से जांच में वह डेंगू संदिग्ध मिली थी। इस पर उसे जिला अस्पताल रेफर करने का पर्चा बनाया जा रहा था, इसी बीच वह लापता हो गई थी।
इसकी सूचना एमओआईसी को दी गई थी। वहीं, एमओआईसी डॉ. आदित्य सचान ने बताया कि मंगलवार को अमिलिया गांव स्वास्थ्य टीम भेजी गई तो महिला के घर में ताला बंद मिला। गांव में बुखार की शिकायत पर कई लोगों को दवाएं दी गईं थीं। वहीं किट से हुई जांच में कोई भी डेंगू पॉजिटिव नहीं मिला था।
बुधवार को जानकारी मिली की शशि का इलाज परिजन अकबरपुर के एक निजी चिकित्सालय में करा रहे थे। इसको अन्य बीमारी भी थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य कर्मचारी जब गांव पहुंचे तो पता चला कि महिला का शव लेकर परिजन झींझक ब्लॉक के गांव घाऊपुर स्थित मायके गए हैं। अब गुरुवार को फिर से गांव में स्वास्थ्य टीम भेजी जाएगी।
उधर, बुधवार को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में जुग्गूपुरवा निवासी ओम प्रकाश (41), रामनरेश (50), गजनेर निवासी खुशी (13) व आदर्श (24) डेंगू संक्रमित मिले हैं। एपिडमियोलॉजिस्ट डॉ. यतेंद्र शर्मा ने बताया कि चारो लोगों का सैंपल तीन दिन पहले कानपुर भेजा गया था।
अब यह सभी स्वस्थ हैं। मालूम हो कि जिले में अब तक 20 लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, 80 लोगों में मलेरिया की भी पुष्टि हो चुकी है। वहीं, जिला अस्पताल में बनाया गया 10 बेड का डेंगू वार्ड बुधवार को मरीजों से भर गया। सीएमएस डॉ. आरपी गुप्ता ने कि नया मरीज आने पर डेंगू वार्ड में बेड बढ़ाए जाएंगे।