पूजा शर्मा का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रनियां (कानपुर देहात)। बारिश के चलते बिजली के पोल में करंट उतरने से खानपुर खड़ंजा रोड के पास रविवार दोपहर महिला चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला गुमटी में चाय की दुकान चलाती थी। बारिश में तिरपाल सही करने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गई।
बांदा के जसपुर निवासी राजेश शर्मा बस चालक है। पति से अनबन के चलते करीब तीन वर्ष पूर्व पत्नी पूजा शर्मा (32) पुत्री प्रियांशी व नैंसी को लेकर रनियां के प्रसिद्धपुर निवासी बहनोई उमाकांत शर्मा के घर आ गई थी। बाद में वह खानपुर खड़ंजा रोड पर हाईवे किनारे गुमटी में चाय की दुकान चलाने लगी।
वहीं, पर वह किराए के कमरे में रहती थी। रविवार की दोपहर बारिश शुरू हुई तो वह गुमटी का तिरपाल सही करने गई। इसी के पास बिजली का लोहे का पोल लगा है। बारिश के दौरान पोल में करंट उतर आया। तिरपाल सही करते समय पोल छूने पर पूजा करंट से चिपक गई।
जानकारी पर लोगों ने उसे पोल से अलग किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी पूजा को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टर पवन पार्या ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मां की मौत की जानकारी पर प्रियांशी (10) व नैंसी (9) बिलखने लगीं।
मृतका के बहनोई के पुत्र लकी शर्मा ने बताया कि मायके छतरपुर में सूचना दी है। रनियां चौकी प्रभारी रजनीश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।