फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur Dehat News: चर्च में तोड़फोड़ व पथराव करने पर 13 नामजद व 80 अज्ञात पर केस

Sun, 25 Jun 2023 01:04 AM IST
कानपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर देहात
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन
कानपुर देहात में अकबरपुर के शहजादपुर में चर्च निर्माण के विरोध में उतरे बजरंग दल व विहिप के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को परिसर में जमकर हंगामा किया था। पथराव व तोडफ़ोड़ के साथ धार्मिक मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी थी। भगवा ध्वज लगाने के साथ दीवारों पर धार्मिक नारे लिखे थे। समझाने पहुंचे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी से नोकझोंक भी हुई थी। मामले में तहसीलदार सदर ने शनिवार को 13 नामजद व 80 अज्ञात पर बलवा, तोडफ़ोड़, साजिश, लोक सेवक को डराने व कार्य में बाधा डालने आदि धाराओं में केस दर्ज कराया है।
विज्ञापन


अकबरपुर के शहजादपुर स्थित सेंट मैरी स्कूल परिसर में चर्च बन रहा है। यहां अभी फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसका बजरंग दल व विहिप के कार्यकर्ताओं की ओर से विरोध किया जा रहा है। शुक्रवार को दोपहर 12.30 बजे बजरंगदल के प्रांत संयोजक अजीत राज की अगुवाई में जुटे कार्यकर्ताओं ने चर्च बनाने का विरोध कर हंगामा किया। परिसर में पथराव व तोड़फोड़ के साथ लगाई गई धार्मिक मूर्ति उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दी।

परिसर में भगवा झंडे लगा दिए और दीवारों पर धार्मिक नारे लिखे। यहां स्कूल परिसर में कुर्सी, मेज, किचन व कमरों का सामान तोड़ दिया था। मौके पर पहुंचे एडीएम वित्त एवं राजस्व जेपी गुप्ता व अकबरपुर थाना प्रभारी ने समझाने का प्रयास किया तो कार्यकर्ताओं ने नोकझोंक की। बाद में एसडीएम सदर डॉ. पूनम गौतम व सीओ अरुण कुमार ने कार्यकर्ताओं को समझाबुझाकर शांत कराया था। वहीं, अब कानून व्यवस्था तोड़ने, चर्च में तोडफ़ोड़ करने की घटना में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शनिवार को तहसीलदार सदर रणविजय सिंह ने अकबरपुर थाना में तहरीर दी।
विज्ञापन


एएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि तहसीलदार सदर की तहरीर पर बजरंग दल के जिला संयोजक गौरव शुक्ला, कल्लू, श्याम गौतम, विवेश, गोपाल, हिमांशु, दीपेंद्र, गौरव पंडित, अमित, तनिष्क, रोहित, अजय व नीतीश के खिलाफ नामजद व 80 अज्ञात पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। विवेचना के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बजरंगदल के संयोजक ने भी प्रधानाचार्य के खिलाफ दी तहरीर
शहजादपुर में हुई घटना के बाद अब बजरंगदल के जिला संयोजक गौरव शुक्ला ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि निजी काम से वह शनिवार को रनियां जा रहे थे। रास्ते में स्कूल के प्रधानाचार्य व कुछ अन्य लोग कार से बाइक के आगे आ गए और उन्हें रोक लिया। सभी नकाब में थे। वह केवल प्रधानाचार्य को पहचान सके। सभी ने गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। अकबरपुर थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें