रूरा। सिठमरा गांव के पास गुरुवार रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहा साथी घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला चालक मौके से वाहन समेत भाग निकला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
रूरा के हसनापुर गांव निवासी शिवा यादव (18) के पिता अनुराग की चार साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद से बाबा सेवानिवृत्त शिक्षक सुघर सिंह शिवा और उसके दो छोटे भाइयों व मां की देखभाल करते हैं।
सुघर सिंह ने बताया कि गुरुवार को भैया दूज पर शिवा गांव में ही रहने वाले दोस्त मंगल (19) के साथ उसकी बहन के घर बाइक से औरैया गया था। वहां टीका लगवाने के बाद मंगल अपनी बाइक से ही शिवा के साथ घर लौट रहा था।
देर रात सिठमरा गांव के सामने झींझक रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने मंगल की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में शिवा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मंगल घायल हो गया। उसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि हादसे के वक्त मंगल बाइक चला रहा था। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। शिवा के सिर पर चोट आने से उसकी जान गई है।