रसूलाबाद (कानपुर देहात)। छह दिन से लापता युवक का पता नहीं चलने से नाराज परिजनों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। परिजनों ने आसपास के लोगों के साथ रसूलाबाद-झींझक रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने मामले में एफआईआर दर्ज करवाने का भरोसा दिया। तब करीब पौने तीन घंटे बाद जाम खुल सका।
कस्बे के विकास नगर निवासी गुड्डू मिस्त्री का बेटा फैजान उर्फ छोटू (22) 10 जुलाई से लापता है। परिजनों का आरोप है कि फैजान को लोहिया नगर निवासी उसका दोस्त घर से कार में बिठाकर ले गया था। इसके बाद से फैजान को कुछ अता-पता नहीं है।
फैजान की मां राबिया बेगम ने 12 जुलाई को थाने में तहरीर देकर बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताई थी। राबिया का कहना है कि थाना पुलिस ने उसकी बातों को गंभीरता से नहीं सुना और फैजान की गुमशुदगी दर्ज कर हाथ पर हाथ रखकर बैठ गई।
इससे नाराज परिजनों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। परिजन और ग्रामीणों ने शाम करीब चार बजे रसूलाबाद-झींझक मार्ग पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पाकर थाना प्रभारी प्रशिक्षु सीओ शिव सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले में संबंधित पर एफआईआर दर्ज कराने का आश्वासन दिया।
इसके बाद लोगों को गुस्सा थम गया और वह अपने घरों को चले। करीब पौने तीन घंटे के बाद वाहनों का आवागमन सुचारु हो सका। इसके पहले दोपहर करीब दो बजे फैजान के परिजनों ने थाने जाकर उसे ढूंढने की गुहार लगाई थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि फैजान के लापता होने के मामले की जांच चल रही है। फैजान की कॉल डिटेल से पता चला है कि 10 जुलाई की रात 9:30 बजे राबिया बेगम की बेटे से फोन पर बात हुई। इसके बाद फैजान का मोबाइल बंद हो गया।
वहीं, झींझक रेलवे स्टेशन से 10 जुलाई रात 9:32 बजे संपर्क क्रांति एक्सप्रेस गुजरी थी। उसकी चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई थी। इस बात को ट्रेन के चालक ने तस्दीक किया है।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शरीर काफी क्षतविक्षत हो गया था, इसलिए उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। मामले की जांच चल रही है। फैजान को घर से ले जाने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।