कानपुर देहात के तिगाईं गांव में गुरुवार को एक बुजुर्ग ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। कमरे में पंखें के कुंडे से शव लटका देख परिजन बिलख पड़े। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जांच की है। पुलिस के अनुसार मानसिक बीमारी के चलते खुदकुशी करने की बात सामने आई है।
तिगाईं गांव निवासी अशरफ अली (61) की पत्नी शायरा बानो, बेटा अब्दुल गफ्फार, शादीशुदा बेटी मंतशा पुखरायां में रहते हैं। अशरफ अली फिरोजाबाद में रहते थे। दो साल पहले एक दुर्घटना में घायल होने के बाद उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। तब से वह पुखरायां में रह रहे थे।
बेटे गफ्फार ने बताया कि दो दिन पहले पिता तिगाईं आए थे। जहां गुरुवार को एक कमरे में रस्सी से फंदा लगा लिया। थाना प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि कि अपराध नियंत्रण प्रभारी भूपेंद्र सिंह और दरोगा बिंदाप्रसाद ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रथम दृष्टया मानसिक बीमारी के चलते बुजुर्ग के खुदकुशी करने की बात सामने आई है।