कानपुर देहात। अकबरपुर थाने के सामने बने कट पर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी पर सवार निजी संस्थान के कंप्यूटर शिक्षक और युवती घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल से भर्ती कराया गया। वहां से गंभीर हालत में शिक्षक को हैलट अस्पताल (कानपुर नगर) भेज दिया गया। शिक्षक ने हेलमेट में लॉक नहीं लगाया था। इससे हादसे के दौरान हेलमेट सिर से निकल गया। सलवपुर गांव निवासी रवींद्र कुमार (25) एक निजी संस्थान में कंप्यूटर शिक्षक हैं। शनिवार को रवींद्र नरिहा अकबरपुर निवासी दीक्षा (22) के साथ स्कूटी से कहीं जा रहे थे। अकबरपुर थाने के सामने बने कट को रवींद्र पार कर रहे थे। उसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे रवींद्र और दीक्षा दोनों उछल कर सड़क पर गिर गए। रवींद्र का हेलमेट सिर से निकलकर दूर जा गिरा। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट लग गई। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने सरकारी गाड़ी से दरोगा भूपेंद्र सिंह के साथ घायलों को जिला अस्पताल भेजा।