शिवली। ककरदही गांव में मंगलवार रात एक युवक छत से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर परिजन बिलख पड़े।
बाघपुर चौकी क्षेत्र के ककरदही गांव में ध्रुव तिवारी का पुत्र गौरव उर्फ मंगल तिवारी (26) ई-रिक्शा चलाता था और अविवाहित था। मंगलवार की रात वह खाना खाकर छत पर सोने चला गया। देर रात लघुशंका करने लिए जा रहा था।
छत पर बाउंड्रीवाल न होने के चलते वह नीचे सड़क पर आकर गिरा। आवाज सुनकर ध्रुव तिवारी बाहर आए तो गौरव सड़क पर पड़ा कराह रहा था। उन्होंने अन्य परिजनों को आवाज देकर बुलाया और फिर बेटे को पास के एक निजी अस्पताल ले गए।
वहां मौजूद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज विकल्प चतुर्वेदी ने छानबीन की। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने छत से गिरकर मौत होने की जानकारी दी है।