मुंगीसापुर (कानपुर देहात)। डेरापुर के मवई मुक्ता में मिट्टी पुराई का काम चल रहा है। बुधवार सुबह जेसीबी का खलासी पहले से खड़े डंपर के आगे छाया देखकर लेट गया। कुछ देर में उसे नींद आ गई।
इधर, डंपर का चालक खलासी को देख नहीं सका और गाड़ी आगे बढ़ा दी। इससे पहिये के नीचे कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मुंगीसापुर के मवई मुक्ता में उमाकांती खेत का समतलीकरण करा रहीं हैं। इसके लिए रात में काम कराया गया। इसके बाद डंपर चालक केबिन में सो गया। जबकि जेसीबी चालक कमलेश भी सोने चला गया।
सुबह जेसीबी का खलासी रायबरेली के थाना महाराजगंज सिकंदरपुर निवासी पंकज (22) खेत के पास पहुंचा और डंपर के आगे छाया देखकर लेट गया। कुछ देर में उसे नींद आ गई।
इधर, कुछ देर बाद डंपर में सो रहे चालक ने पीछे खड़े वाहन के चालक के हार्न देने पर गाड़ी आगे बढ़ा दी। इससे डंपर के आगे के पहिये के पास सो रहे पंकज की कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई।
अनहोनी की जानकारी पुलिस को जेसीबी चालक कमलेश ने दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। कमलेश ने पुलिस को बताया कि पंकज को वह लेकर आया था। डंपर के आगे लेटने से यह घटना हुई।
पहले से डंपर के केबिन में सो रहे चालक को पंकज के आगे जमीन पर लेटे होने की जानकारी नहीं थी। बिहार घाट चौकी प्रभारी निशांत ने बताया कि मृतक के पिता रामप्यारे को अनहोनी की सूचना दी गई है।
सिकंदरपुर में घटना की सूचना से मां जनक दुलारी, बहन शिवानी, सावित्री, रेनू व रानी, भाई अमित व पवन रोने लगे। इधर, पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जेसीबी चालक की ओर से सूचना दर्ज कराई गई है।
डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। इधर, दोपहर में पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता, चचेरे भाई राहुल व उदयराज ने बताया कि पंकज अविवाहित था। डेरापुर थानाध्यक्ष सुरजीत सिंह ने बताया कि अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।