राजपुर। सिकंदरा कस्बे में पिछले कुछ दिनों में बीमारी से करीब 150 सुअरों की मौत हो चुकी है। रविवार से मंगलवार तक 19 सुअरों की मौत हुई है। हालांकि पशु पालन विभाग अभी तक इनकी मौत के ठोस कारणों तक नहीं पहुंच पाया है।
पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों से सुअरों को कस्बे में नहीं छोड़ने की अपील भी की है, इसके बाद भी यह मवेशी घूमते नजर आ रहे हैं। आजाद नगर बस्ती निवासी राजन के पांच सुअरों की सोमवार को मौत हो गई।
वहीं, रविवार को तारा देवी के 12 सुअरों की मौत हुई थी। मंगलवार को बस्ती के रमेश बाल्मीकि ने भी दो सुअरों की मौत होने की बात कही है। पशुपालकों ने बताया कि तेज बुखार आने के बाद मवेशियों की मौत हो जाती है। इससे पशुपालक लगातार आर्थिक रूप से टूट रहे हैं।
सूचना पर मंगलवार को सिकंदरा पशु अस्पताल से उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, पशुधन प्रसार अधिकारी उमेश बाबू त्रिपाठी, सरमन सिंह, शैलेंद्र सिंह ने आजाद नगर व मालवीय नगर की मलिन बस्तियों में जाकर सुअर पालकों से जानकारी जुटाई।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र ने बताया कि मंगलवार को सुअर की मौत होने की जानकारी मिली है। पशुपालक ने सुअर के शव को दफना दिया था। पशुपालकों को दवाएं देने के साथ ही मवेशियों को छुट्टा नहीं छोड़ने की अपील की गई है।