कानपुर में छत्रपति शाहूजी महाराज विवि (सीएसजेएमयू) कैंपस और विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में 49 विषयों की 712 सीटों पर सोमवार से पीएचडी के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें 181 सीट विवि कैंपस और 531 महाविद्यालयों में हैं। अभ्यर्थी विवि की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विवि कैंपस के अलावा कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया व इटावा के 600 से अधिक महाविद्यालयों में विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित हैं। विवि ने बैठक के बाद 49 विषयों में कुल 712 पीएचडी सीट के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है।
मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी (एमएलटी) और फार्मेसी विषय में प्रवेश विवि की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से लिया जाएगा। वहीं, अन्य विषयों में प्रवेश के लिए सीएसआईआर-नेट, यूजीसी-नेट (जेआरएफ), गेट, आईसीएआर, आईसीएमआर जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं के स्कोर के आधार पर प्रारंभिक स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद अंतिम चयन के लिए साक्षात्कार को 100 फीसदी महत्व दिया जाएगा। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट http://www.csjmu.ac.in पर आवेदन कर सकते हैं। पीएचडी प्रवेश 2025-26 से संबंधित किसी भी प्रश्न के लिए, आवेदक ईमेल आईडी phdinfo@csjmu.ac.in या अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ, अकादमिक केंद्र, सीएसजेएमयू कानपुर के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।