कानपुर में विवादों में घिरी कल्याणपुर पुलिस ने एक और कारनामा कर दिखाया। एक पीड़ित का आरोप है कि सिपाही ने ही चोर के साथ मिलीभगत कर बाइक चोरी करा दी। दबाव बना तो केस दर्ज कर चंद घंटों में बाइक बरामद भी करा दी। मामले ने तूल पकड़ा तो डीसीपी पश्चिम ने एसीपी कल्याणपुर से जांच कराई और दोषी पाए जाने पर सिपाही बृजेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया।
मूलरूप से चौबेपुर के बिकरू निवासी शिवम कुशवाहा मसवानपुर में किराये पर रहकर हलवाई का काम करता है। शिवम ने बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह बाइक से कल्याणपुर की ओर जा रहा था। मसवानपुर चौराहे पर एक व्यक्ति लिफ्ट लेकर पनकी रोड चौकी तक गया। वहां व्यक्ति ने चौकी में बैठे सिपाही बृजेंद्र सिंह से कुछ देर बात की और उसे भी बातों में उलझाए रखा। इसके बाद अचानक युवक वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद सिपाही भी फोन पर बात करते हुए चला गया।