कपड़ा व्यापारी ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 30 लाख रुपये हड़पने का दो लोगों पर आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई है। सिविल लाइंस निवासी कपड़ा व्यापारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि उनकी मुलाकात रावतपुर निवासी अंशुल सक्सेना से हुई। अंशुल ने काकादेव निवासी पंकज गुप्ता उर्फ राहुल सिंह चंदेल को शेयर मार्केट का अच्छा जानकार बताया। बताया कि अगर वह उनके जरिये शेयर ट्रेडिंग करेंगे तो उन्हें दलाली कम देनी पड़ेगी। झांसे में आकर वह निवेश के लिए रुपये देते थे। आरोप है कि दोनों ने करीब 30 लाख रुपये निवेश के नाम पर ले लिए जब उन्होंने हिसाब मांगा तो टरकाने लगे। इसके बाद आरोपी फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश पांडेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दोनों पर धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, धमकाने, गालीगलौज की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।