बिल्हौर। धनतेरस, दीपावली, भैया दूज पर्व गुजर जाने के बाद भी कस्बे में जीटी रोड के दोनों ओर अतिक्रमण कर सजी दुकानें ठेलिया आदि अब एनएच 91 से गुजरने वाले वाहनों के लिए समस्या बन गई हैं। बुधवार को कस्बे के बीआरडी कॉलेज, बिजली घर, पेट्रोल पंप, पुराना बस स्टॉप, स्टेशन मार्ग, चिल्ड्रेन मेमोरियल स्कूल तिराहा, नगर पालिका चौराहा, छोटी बाजार तिराहा, ककवन रोड चौराहा कोतवाली और सराफा बाजार में फुटपाथ पर सजी ठेलिया, दुकानदार और सड़ों पर टेंपो खड़े होने से दिनभर जीटी रोड पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। लंबी-लंबी कतारों में कई एंबुलेंस, कारें और रोडवेज बसें फंसी रहीं। पिकेट पर तैनात सिपाही और होमगार्ड ने कई बार जाम में फंसे वाहनों को पास कराया लेकिन देर शाम तक स्थिति जस की तस बनी रही। मामले में इंस्पेक्टर पीएन बाजपेई ने बताया कि जल्द जीटी रोड और रोड पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।