कैंट थानाक्षेत्र में सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 5.50 लाख रुपये ठग लिए गए। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। भज्जापुरवा निवासी इरशाद अली के मुताबिक, कुछ साल पहले सोशल मीडिया के जरिये उसकी पहचान बाराबंकी निवासी फैसल खान से हुई थी। फैसल ने खुद को सऊदी अरब की एक बड़ी कंपनी का मैनेजर बताकर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इस पर इरशाद ने अपने दस्तावेज उसे दे दिए। आरोप है कि फैसल ने अपॉइंटमेंट लेटर भेजकर नकद और ऑनलाइन माध्यम से कई बार में 5.50 लाख रुपये ले लिए। नौकरी नहीं लगने पर इरशाद ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज कर धमकी दी। कैंट थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।