त्योहारी सीजन में अब बरहनी से बांद्रा टर्मिनस तक त्योहार विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। यह कानपुर सेंट्रल स्टेशन से होकर गुजरेगी। ट्रेन नंबर 05033 और 05034 बरहनी-बांद्रा टर्मिनस बरहनी से नौ अकतूबर से 27 नवंबर तक हर गुरुवार तो बांद्रा टर्मिनस से 11 अक्तूबर से 29 नवंबर तक हर शनिवार चलेगी। इसमें नौ स्लीपर, नौ सामान्य व दो एसएलआर सहित कुल 20 कोच होंगे। उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन नंबर-05033 बरहनी से हर गुरुवार को सुबह 09:30 बजे रवाना होगी और बलरामपुर, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग होते हुए शाम 05:15 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन आएगी। यहां दस मिनट ठहराव के बाद 05:25 बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगले दिन सुबह 06:30 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर-05034 बांद्रा टर्मिनस से हर शनिवार रात 09:30 बजे रवाना होगी। विभिन्न स्टेशन होते हुए यह दूसरे दिन दोपहर 01:55 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी और 02:05 बजे रवाना होकर रात 10:48 बजे बरहनी पहुंचेगी।