रंगदारी मांगने के आरोप में जेल भेजे गए कमलेश फाइटर गैंग के शातिर शानू लफ्फाज के घर पर गुरुवार को नजीराबाद थाना पुलिस ने मुनादी कराई। ढोल बजवाने के साथ ही उसके घर पर फरार होने संबंधी धारा 82 का नोटिस चस्पा कराया। पुलिस का कहना है कि शानू ने खुद को जल्द कानून के हवाले नहीं किया, तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
नजीराबाद थाने में इसी साल 20 अगस्त को हरप्रीत सिंह ने कमलेश फाइटर और उसके गैंग के शातिरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस इस मामले में कमलेश फाइटर, उसके साले, गुरु सुशील कुमार दद्दा और फिर मुशीर, प्रदीप कुमार त्रिपाठी समेत कई साथियों को गिरफ्तार कर जेल चुकी है। एडीसीपी सेंट्रल महेश कुमार ने बताया कि मामले में चमनगंज के हीरामनपुरवा निवासी शानू लफ्फाज फरार चल रहा है। उसके खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हो चुका है। नजीराबाद थाना पुलिस ने गुरुवार को शानू के हीरामन पुरवा स्थित घर पर मुनादी कराई। ढोल बजवाने के साथ ही उसके फरार होने संबंधी नोटिस को चस्पा किया गया है। अब उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू की जाएगी।