कानपुर में सचेंडी के चकरपुर में शनिवार को मिला अजय कमल (22) का शव हत्या कर फेंका गया था। पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आने के बाद परिजनों ने अजय की सुसराल वालों पर आरोप लगाकर सचेंडी थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि अजय ने प्रेम विवाह किया था। इससे युवती के परिजन रंजिश रखते थे।
पुलिस ने युवती के पिता, भाई समेत परिवार के नौ लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सचेंडी के भिसार गांव निवासी कंधई ने बताया कि बेटे अजय ने गांव के ही ठाकुर राज बहादुर की बेटी आकृति से प्रेम विवाह किया था। इसके चलते वे लोग रंजिश रखते थे। अजय को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। अजय शुक्रवार सुबह करीब 7ः30 बजे घर से कोल्डड्रिंक फैक्ट्री किसाननगर काम करने गया था। देर रात तक घर न लौटने पर उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। फोन भी बंद जाता रहा।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अजय का शव चकरपुर मंडी में जेके टायर फैक्टरी के पास हाईवे पर पड़ा मिलने की जानकारी मिली। रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अजय से मारपीट करने और रस्सी या किसी चीज से गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद वे लोग शव लेकर सचेंडी थाने के बाहर पहुंच गए और जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। हत्यारोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने, गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की। इसके बाद पुलिस ने कंधई की तहरीर पर आकृति के पिता राजबहादुर, भाई शरद, अमन, पवन, धर्मेंद्र, महावीर, सत्या, लालती देवी, मीना देवी के खिलाफ हत्या, बलवा और एससीएसटी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की। डीसीपी वेस्ट विजय ढुल ने बताया कि अजय के ससुराल पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है।