ठंड में हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक की समस्या बढ़ रही है। रविवार को एलपीएस कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट में हार्ट अटैक के लक्षण वाले 58 रोगी भर्ती किए गए। हैलट इमरजेंसी में ब्रेन स्ट्रोक के आठ रोगियों को गंभीर हालत में भर्ती किया गया। कार्डियोलॉजी में छह रोगी और हैलट में एक रोगी को मृतावस्था में लाया गया। कार्डियोलॉजी के निदेशक प्रोफेसर राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि ओपीडी में 498 रोगियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। हैलट के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि इमरजेंसी में रात आठ बजे तक 200 रोगी भर्ती हुए हैं।