छापेमारी के दौरान पकड़ी गई रंगीन मिठाई
- फोटो : अमर उजाला
सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह की गठित टीम ने शनिवार को स्वर्ण जयंती विहार कोयलानगर में छापा मारा। यहां करीब 10 क्विंटल खराब रंगीन मिठाई नष्ट करा दी। परिसर में गंदगी मिलने पर दो नमूने लेकर प्रतिष्ठान का पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति की है। दूसरी टीम सोमनाथ कुशवाहा और डॉ. देवेंद्र सिंह आजाद ने घंटाघर के पास एक इको वाहन की जांच की। इसमें औरैया से लाया गया 240 किलो खोया मिला। करीब 84 हजार रुपये कीमत का खोया गंदे कपड़ों में रखा गया था। टीम ने नगर निगम के डंपिंग यार्ड में नष्ट करा दिया। वहीं, पनकी स्थित रामनरेश कैटरर्स के यहां भी टीम ने छापा मारा। यहां करीब 30 किलो खोया गंदी जगह भंडारित मिला। इसकी कीमत 11,400 रुपये आंकी गई। टीम ने खोये का नमूना जांच के लिए लिया और शेष सामग्री नष्ट करा दी।