फिर जब पुलिस ने सांसद सहित 52 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की तो भी सपा ने सरकार से गिरफ्तारी को लेकर सवाल किया था। सपा के हर सवाल पर भाजपा की ओर से खासकर सांसद की ओर से खूब पलटवार किया गया। सपा शासन के दौरान कन्नौज की घटनाओं की याद दिलाई गई। उन्होंने प्रदेश के दूसरे हिस्सों में हुई घटनाओं का हवाला देकर सपा को इस प्रकरण पर कुछ न बोलने की हिदायत भी दी। पुलिस पर अपने खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाने के बाद उन्होंने अपनी गिरफ्तारी की मांग करने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को कन्नौज आकर धरना देने की बात भी कही। इन सबके बीच अब जबकि मंडी में हुई घटना का वीडियो वायरल हुआ तो सपा ने फिर से इसे लपक कर सरकार से सवाल करना शुरू कर दिया है। सपा ने जो वीडियो पोस्ट किया है उस पर सपा और भाजपा समर्थकों की ओर से तर्कों के बाण चलाए जा रहे हैं।
अखिलेश कर चुके हैं कन्नौज से लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान
दरअसल कन्नौज से लगातार तीन बार सांसद रह चुके सपा मुखिया अखिलेश यादव अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव कन्नौज से ही लड़ने का इशारा कर चुके हैं। उन्होंने मैनपुरी में पिछले साल हुए उपचुनाव के दौरान यहां एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही थी। उसके बाद से ही सपा और भाजपा के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। उस दौरान भी सांसद सुब्रत पाठक ने उन्हें यहां से हराने की बात कहते हुए किसी भी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा था कि पार्टी से अनुरोध करूंगा कि वह मुझे उसी सीट से टिकट दे, जहां से अखिलेश यादव चुनाव लड़ेंगे।