कन्नौज जिले में युवक की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सौरिख इलाके के गांव सराय कायम निवासी अजय उर्फ ईशु पुत्र भूप सिंह पाल सोमवार सुबह छत पर किसी काम से गया था। तभी छत के ऊपर निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आनन-फानन परिजन प्राइवेट वाहन से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मां और दो बड़े भाई जोगेंद्र व विजेंद्र, बहन राखी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक हाई स्कूल की परीक्षा पास कर पिता भूप सिंह के साथ खेती-बाड़ी और मजदूरी का कार्य करता था। वहीं परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से छत के ऊपर निकले हाईटेंशन लाइन की लिखित में शिकायत कर चुके थे, फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके चलते अजय की मौत हो गई है।