कन्नौज जिले में छिबरामऊ के चौधरियाना मोहल्ले में ईद की नमाज के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक युवक बेहोश हो गया जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
कन्नौज जिले के छिबरामऊ में ईद की नमाज के बाद छिबरामऊ कोतवाली के मोहल्ला चौधरियान में रंजिश को लेकर दो पक्ष आपने-सामने आ गए। गाली-गलौज के साथ पथराव हुआ। सूचना पर पहुंची ने पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिस की मौजूदगी के चलते मोहल्ले में ईद की खुशियां काफूर हो गईं। विवाद के दौरान एक युवक बेहोश हो गया, जिसकी फर्रुखाबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
विज्ञापन
ईदगाह में गुरुवार की सुबह नमाज के दौरान मोहल्ला चौधरियान निवासी दो पक्षों के युवकों के बीच रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई थी। वहां से सभी चुपचाप घरों की तरफ चले आए। मोहल्ले में पहुंचते ही दोनों पक्षों से महिलाएं व पुरुष आमने-सामने आ गए और ईंट पत्थर चलने शुरू हो गए। पथराव शुरू होते ही मोहल्ले में भगदड़ मच गई और लोग घरों में दुबक गए। विवाद के दौरान ही एक युवक शहबाज बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे इलाज के लिए फर्रुखाबाद ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
युवक के परिजनों ने दूसरे पक्ष पर हत्या के आरोप लगाने शुरू कर दिए। विवाद के बाद मोहल्ले के लोग खौफजदा होकर घरों में दुबक गए। सूचना पर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। भीड़ को देखते हुए उन्होंने अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया। संदिग्ध हालातों में युवक की मौत होने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बाद में सीओ ओमकार नाथ शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस अफसरों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन
एक पक्ष ने लगाया विवाद में युवक की मौत होने का आरोप
मोहल्ला चौधरियान निवासी शहजाद ने बताया कि विवाद के दौरान उनके मौसेरे भाई शहबाज उर्फ शब्बे की मौत हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद पुलिस ने कई घंटों तक घर में नजरबंद रखा। इससे पहले भी दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके भांजे सोहेल की हत्या कर दी थी। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन चल रहा है और 18 अप्रैल को अंतिम बहस होनी है। इसी मुकदमे में यह लोग समझौते का दबाव बनाते हुए आए दिन धमकियां देते रहते हैं।
नमाज के बाद भाई को घेर कर की थी पिटाई
दूसरे पक्ष के इरशाद ने बताया कि भाई फैज ईद की नमाज पढ़ने ईदगाह गया था। पुरानी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष के लोगों ने घेर कर उसके साथ मारपीट की थी। उसके बाद घर पहुंचने पर भी इन लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। मृतक युवक को मुंबई में हार्टअटैक आया था। सुधार न होने पर नगर में भी कई चिकित्सकों को दिखाया गया था। युवक की मौत से उसका व उसके परिवार का कोई लेना देना नहीं है। रंजिश के चलते यह लोग उन्हें व उनके परिवार को झूठा फंसाने की साजिश रच रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
सीओ ओमकार नाथ शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद में पथराव हुआ है, लेकिन घायल कोई नहीं हुआ है। जांच चल रही है। एक पक्ष के मृतक युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।