साफ सुथरे कपड़े पहन पहुंचा था पीयूष, गहरा गया था शक
ज्योति के गहने भी गायब थे। लूटपाट करने आए लुटेरों ने ज्योति का अपहरण क्यों किया और लूटपाट के बाद उसकी हत्या क्यों कर दी। पीयूष ज्योति के साथ था, लेकिन उसने ज्योति को बचाने की कोशिश नहीं की। पुलिस को तत्काल सूचना भी नहीं दी।
पीयूष के साफ-सुथरे कपड़े, पीयूष द्वारा बताए गए घटनास्थल पर तेज गति से जा रही गाड़ी के अचानक रुकने की हालत में सड़क पर जो टायर के निशान बनते हैं ऐसा कोई निशान भी नहीं मिला था। यह सभी सवाल पुलिस अफसरों को परेशान कर रहे थे। इसी वजह से सबसे पहले पीयूष पर ही शक गहरा गया था।
फिर राजफाश होता गया
पीयूष की कहानी झूठी लगने पर सच्चाई का पता लगाने के लिए पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो मामला कुछ और ही निकला। पुलिस ने विवेचना में खुलासा किया कि पीयूष और उसके घर के बगल में रहने वाली पान मसाला कारोबारी की बेटी मनीषा मखीजा के बीच प्रेम संबंध थे।
संबंधों में बाधक ज्योति को रास्ते से हटाने के लिए पीयूष और मनीषा ने मिलकर ज्योति की हत्या का षड्यंत्र रचा। मनीषा ने अपने ड्राइवर अवधेश से बात की तो उसने आशीष, सोनू और रेनू के जरिये ज्योति की हत्या कराने का प्लान बनाया। 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। प्लान के तहत ही घटना को अंजाम दिया गया।
फैसले का सम्मान, सजा पर रहम की करेंगे अपील
पीयूष के अधिवक्ता सईद नकवी, मनीषा के अधिवक्ता कमलेश पाठक व सोनू और अवधेश के अधिवक्ता सुरेश सिंह चौहान ने फैसले के बाद कहा कि कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं लेकिन कई ऐसे साक्ष्य हैं जिन्हें नजरंदाज किया गया है। सजा के बिंदु पर सुनवाई के दौरान रहम की अपील की जाएगी। सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करेंगे।