कानपुर में मूसलाधार बारिश के कारण लगे जाम के बीच बिजली विभाग के एक अवर अभियंता और उनके परिवार पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि शॉर्टकट रास्ते से निकलते समय गाली गलौज का विरोध करने पर 8 से 10 लोगों ने अवर अभियंता, उनकी पत्नी, बेटे और बेटी को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। घटना के दौरान उनकी पत्नी की पायल और सोने के टॉप्स गिर गए। 112 पुलिस की मदद से परिवार की जान बच सकी।
पनकी रोड, कल्याणपुर निवासी दीपक कुमार विद्युत विभाग में अवर अभियंता (जेई) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह परिवार के साथ परेड से कल्याणपुर लौट रहे थे। बारिश के चलते मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लगा था। इससे बचने के लिए वह बकरमंडी छोटी ढाल की ओर शॉर्टकट रास्ते से निकल रहे थे। इसी दौरान जाम में बगल से निकल रहे सर्वेश उर्फ कालिस, लल्लू और उनके 8 से 10 साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
दीपक कुमार के अनुसार जब उन्होंने अपशब्द कहने का विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी, पुत्र और पुत्री को भी पीटकर घायल कर दिया। मारपीट के दौरान उनकी पत्नी की पायल और सोने के टॉप्स गिर गए। आरोप है कि हमलावरों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने तत्काल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार को सुरक्षित कराया। बजरिया इंस्पेक्टर अरविंद शर्मा ने। बताया की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।