फफूंद थाना क्षेत्र में चोरों ने चाचा-भतीजे के मकान में घुसकर लाखों की नकदी और आभूषण पार कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
औरैया जिले में फफूंद थाना क्षेत्र के जुआ में सोमवार की रात को चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर नकदी व जेवर पार कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच में जुटी। जुआ निवासी अरविंद कुमार अपने परिवार के साथ सोमवार रात को घर के बाहर बरामदा में सोया हुआ था।
विज्ञापन
देर रात चोर छत के रास्ते से उसके घर में घुस आए और कमरे की रखी अलमारी व बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी 15 हजार की नकदी, कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। इसके साथ ही चोर कुछ दूरी पर बने अरविंद कुमार के चाचा दिलीप कुमार के घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया।
उसमें रखे एक लाख 25 हजार रुपये व पायल, अंगूठी, मंगलसूत्र आदि जेवर चोरी कर ले गए। दिलीप ने बताया कि परिवार घर के आंगन में सो रहा था। सुबह अरविंद ने चोरी की जानकारी दी, तो उसने भी घर पर जाकर देखा तो नकदी व जेवरात गायब थे, सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ितों ने घटना की जानकारी और लिखित तहरीर पुलिस को दी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के साथ घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। अपराध निरीक्षक राजपाल सिंह ने बताया कि दो घरों में चोरी की घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।