कानपुर। जापानी तकनीक से फूलगोभी और मूली की खेती कर रहे चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि (सीएसए) के शाक सब्जी अनुभाग का बुधवार को जापान के वैज्ञानिकों ने निरीक्षण किया। वैज्ञानिकों ने कहा कि फूलगोभी व मूली की फसल जल्द तैयार हो जाएगी। उत्पादन में 40 फीसदी तक वृद्धि होगी और बाजार में अधिक कीमत मिलेगी। उत्तर प्रदेश सरकार और जापान के बीच हुए समझौते के तहत जापान की तकनीक से सीएसए विवि में खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में जापान के प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रही टोमैटेक कंपनी के अकिनोरी कोजाकी एवं शुसाकु नाकाजीमां ने बताया कि फसलों पर सूक्ष्म पोषक तत्वों का प्रभाव साफ दिखाई दे रहा है। फसल बुवाई के समय समय सूक्ष्म पोषक तत्व उर्वरक का प्रयोग छह किलोग्राम प्रति 1000 वर्ग मीटर की दर से किया जाता है। इस मौके पर विवि के शोध निदेशक डॉ. आरके यादव, प्रो. पीके सिंह, डॉ. केशव आर्य, डॉ. श्वेता आदि मौजूद रहे। (ब्यूरो)